Michael Hussey: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज माइकल हसी ने इंग्लैंड के टेस्ट बैटिंग कोच बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया है। इसके बजाय हसी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ पार्ट-टाइम कंसल्टेंट के तौर पर काम करेंगे। एशेज 2027 से पहले उनका यह फैसला ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए अहम माना जा रहा है।
रिपोर्ट के मुताबिक, माइकल हसी ने इंग्लैंड के टेस्ट हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग से कोचिंग स्टाफ में शामिल होने को लेकर बातचीत की थी। हालांकि, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के साथ काम करने का फैसला किया। हसी के लिए इस भूमिका का सबसे बड़ा फायदा इसका लचीला होना है, जिससे वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट, ‘द हंड्रेड’ और कमेंट्री से जुड़ी अपनी जिम्मेदारियां भी जारी रख सकेंगे।
एशेज से पहले ऑस्ट्रेलिया को मिला अनुभव
माइकल हसी के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा फ्रेंचाइजी क्रिकेट और कोचिंग का भी लंबा अनुभव है। वह इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच रह चुके हैं और ‘द हंड्रेड’ में वेल्श फायर के हेड कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं। इसके अलावा वह फॉक्स स्पोर्ट्स के लिए कमेंट्री भी करते हैं।
हसी का इंग्लैंड की टीम से भी पुराना संबंध रहा है। उन्होंने 2022 के T20 वर्ल्ड कप अभियान के दौरान इंग्लैंड के साथ पार्ट-टाइम कंसल्टेंट के रूप में काम किया था। वहीं, स्टीफन फ्लेमिंग के साथ भी उनकी लंबे समय से पेशेवर साझेदारी रही है। दोनों चेन्नई सुपर किंग्स के साथ करीब 18 वर्षों तक जुड़े रहे हैं।
इंग्लैंड को तलाशना होगा नया बैटिंग कोच
माइकल हसी के प्रस्ताव ठुकराने के बाद इंग्लैंड को अपने टेस्ट सपोर्ट स्टाफ के लिए दूसरे विकल्प पर विचार करना होगा। पूर्व इंग्लिश बल्लेबाज मार्कस ट्रेस्कोथिक भी इस पद के लिए विकल्प बने हुए हैं। वह पाकिस्तान के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज में इंग्लैंड के केयरटेकर बैटिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं।
माइकल हसी ने 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया था। उनके अनुभव को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के साथ उनकी नई भूमिका आगामी एशेज सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

More Stories
Disha Salian: 4 साल बाद दिशा सालियान के पिता की याचिका पर सुनवाई, CBI को FIR दर्ज करने का निर्देश
Champat Rai: चंपत राय को फिर मिल सकती है रामजन्मभूमि ट्रस्ट में जगह, डीड में संशोधन पर मंथन आज
Allegations against BJP regarding fake voters: महाराष्ट्र में मतदाता सूची पर विवाद, भाजपा को लेकर मंत्री प्रताप सरनाईक ने उठाए सवाल