IndiGo flight: गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। स्थिति को देखते हुए पायलटों ने विमान को वापस गोवा की ओर मोड़ दिया और मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
उड़ान भरने के कुछ देर बाद आई खराबी
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो फ्लाइट 6E 2102 ने मंगलवार सुबह करीब 9:16 बजे गोवा से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान के कुछ ही समय बाद विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या सामने आई। इसके बाद पायलटों ने विमान को वापस गोवा ले जाने का फैसला किया।
विमान करीब 14,000 फीट की ऊंचाई पर था, जब उसने गोवा की तरफ वापसी शुरू की। सुबह करीब 9:51 बजे विमान रनवे 28 पर सुरक्षित उतर गया और उसे स्टैंड 6 पर पार्क किया गया।
सभी यात्री सुरक्षित
लैंडिंग के बाद विमान में मौजूद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में पहुंचाया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है।
तकनीकी खराबी के कारण विमान की आगे की उड़ान प्रभावित हुई है। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए उड़ान का समय बदलकर दोपहर 3:30 बजे कर दिया गया है। हालांकि, यह विमान की तकनीकी जांच, जरूरी मंजूरी और अन्य परिचालन प्रक्रियाओं पर निर्भर करेगा।
इंडिगो ने क्या कहा?
इंडिगो के प्रवक्ता ने बताया कि नॉर्थ गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी का पता चला था। इसके बाद स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और पायलटों ने विमान को वापस मोड़कर मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा।
एयरलाइन के मुताबिक, विमान की मेंटेनेंस जांच की जा रही है। जरूरी जांच और मंजूरी पूरी होने के बाद ही विमान को दोबारा सेवा में शामिल किया जाएगा। इंजन में खराबी आने की सटीक वजह फिलहाल सामने नहीं आई है।

More Stories
NISAR Satellite: नेपाल की तबाही के बीच NISAR सैटेलाइट चर्चा में, आखिर क्यों नहीं मिला बाढ़ का अलर्ट
Nepal Flood News : दिल दहला देने वाली घटना’ एक कमरे से मिलीं 21 लाशें, मां की गोद में चिपकी मिली मासूम बच्ची
PM मोदी ने शहबाज शरीफ के सामने आतंकवाद पर सुनाई खरी-खरी, बोले- ‘पूरा नेटवर्क खत्म करना होगा’