PM Modi’s appeal: भारत की अर्थव्यवस्था ने अप्रैल-जून तिमाही में 7.8 प्रतिशत की मजबूत GDP ग्रोथ दर्ज की है। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई देते हुए आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर जारी युद्ध, सप्लाई चेन में बाधा और आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर देशवासियों के संकल्प और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने इसे भारत की सामूहिक शक्ति का प्रमाण बताया।
वैश्विक संकट के बीच भारत की मजबूत ग्रोथ
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय कई चुनौतियों से गुजर रही है। युद्ध के कारण सप्लाई चेन प्रभावित हुई हैं और 2020 में कोविड महामारी के दौर से लेकर अब तक वैश्विक स्तर पर पूरी तरह स्थिरता नहीं आई है। इसके बावजूद भारत तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की इस रफ्तार को बनाए रखने के लिए प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री ने लोगों से आत्मनिर्भरता और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आग्रह किया।
विदेश यात्रा और डेस्टिनेशन वेडिंग से बचने की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से पर्यटन के लिए विदेश जाने के बजाय देश में ही घूमने की अपील की। उन्होंने विदेशों में डेस्टिनेशन वेडिंग आयोजित करने से बचने और ‘वेड इन इंडिया’ को बढ़ावा देने की बात कही।
पीएम मोदी का कहना है कि अगर भारतीय पर्यटन, होटल, परिवहन और दूसरे स्थानीय कारोबारों पर खर्च करेंगे तो इसका सीधा फायदा देश की अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा।
गैर-जरूरी सोना खरीदने से भी बचें
पीएम मोदी ने लोगों से जरूरत न होने पर सोना खरीदने से बचने की अपील भी की। इसके पीछे वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों और युद्ध के कारण पैदा हुए दबाव को एक वजह बताया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि खरीदारी करते समय लोगों को स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे देश के कारोबार और घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
‘विकसित भारत’ के लिए मिलकर करना होगा काम
प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर देश आत्मनिर्भरता के रास्ते पर लगातार आगे बढ़ता रहा तो आजादी के 100 साल पूरे होने तक भारत अपने युवाओं को एक विकसित देश सौंपने में सफल होगा।
उन्होंने देशवासियों से भारत की आर्थिक उपलब्धि का जश्न मनाने के साथ-साथ विकसित भारत के लक्ष्य के लिए कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि देश की नीतियां सही दिशा में हैं और 140 करोड़ देशवासियों की एकजुट ताकत भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है।
7.8% GDP ग्रोथ क्यों है खास?
जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी, जो उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन है। वैश्विक अनिश्चितता और मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के बीच भारत की आर्थिक रफ्तार मजबूत रहने को अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

More Stories
PM मोदी ने शहबाज शरीफ के सामने आतंकवाद पर सुनाई खरी-खरी, बोले- ‘पूरा नेटवर्क खत्म करना होगा’
Marnus Labuschagne: ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका-जिम्बाब्वे सीरीज के लिए किया टीम का एलान, मार्नस लाबुशेन बाहर
Kareena Kapoor: ‘मैं कपूर परिवार से हूं, लेकिन अलग हूं’, करीना कपूर ने खोला खानदान से जुड़े होने का राज