वेब न्यूज़ पोर्टल संघर्ष के स्वर

संघर्ष ही सफलता की पहली सीढ़ी है।

CG NEWS : सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर बवाल, दो पक्षों में भिड़ंत के बाद जमकर पथराव; पुलिस ने संभाला मोर्चा

CG NEWS : बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के खपरगंज इलाके में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार देर रात तनावपूर्ण हो गया। पोस्ट को लेकर पहले दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद इलाके में जमकर पथराव हुआ। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

विवाद और पथराव की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल खपरगंज पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने के साथ इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में ले लिया गया।

Raksha Bandhan’ पर पहले मुहूर्त में नहीं बांध पाईं राखी’ अभिजीत मुहूर्त में बांधें, जानें शुभ फल

खपरगंज सहित आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों की तैनाती भी की गई है।

कलेक्टर और एसएसपी ने संभाली स्थिति

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। स्थिति सामान्य होने तक वरिष्ठ अधिकारी कोतवाली थाने में मौजूद रहे।

कलेक्टर बोले- अफवाहों पर ध्यान न दें

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिलासपुर की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए है। माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने कहा- कानून हाथ में लेने वालों को नहीं बख्शेंगे

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि मारपीट और पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पोस्ट के बाद विवाद कैसे शुरू हुआ, मारपीट की शुरुआत किस तरह हुई और पथराव तक मामला कैसे पहुंचा, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर विवाद में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खपरगंज समेत आसपास के इलाकों में पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि भड़काऊ या आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर न करें, अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध जानकारी की पुष्टि किए बिना उसे आगे न बढ़ाएं। माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

About The Author

YouTube Shorts Autoplay