Bettiah Road Accident : बेतिया। बिहार के बेतिया में एनएच-727 पर शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। बेतिया-लौरिया मार्ग पर बसवरिया और पराउटोला के बीच करीब रात 11 बजे तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह में ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं।
छठिहार समारोह के दौरान हुआ हादसा
बताया गया कि धर्मेंद्र दुबे के घर पर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन था। उनका घर एनएच-727 के किनारे स्थित है। समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम रखा गया था। आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर 2 की मौत, अस्पताल में 3 ने तोड़ा दम
हादसे में दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पांच घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की ओर से शाही बस बेतिया की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े लोगों की भीड़ में घुस गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

More Stories
Indore Hospitals Water Contamination: इंदौर के 6 सरकारी अस्पतालों के पानी में मिले E-Coli और कॉलिफॉर्म, नवजात-गंभीर मरीजों पर संक्रमण का खतरा
BJP President Nitin Nabin Meeting : नितिन नवीन की नई टीम के साथ पहली बैठक, 2027 से 2029 तक की चुनावी रणनीति पर मंथन
BREAKING NEWS : समुद्री डाकुओं का आतंक’ दो जहाजों से 22 भारतीय अगवा, यमन-सोमालिया के पास बढ़ी चिंता