नई दिल्ली। साउथ सुपरस्टार यश और Kiara Advani की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म के गाने ‘तबाही’ में यश और कियारा आडवाणी के इंटीमेट सीन्स को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा और विवाद देखने को मिला था। कुछ यूजर्स ने कियारा को ट्रोल भी किया था।
अब फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान यश ने इस पूरे विवाद पर खुलकर बात की है। अभिनेता ने कियारा आडवाणी का बचाव करते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया और अभिनेत्री की जमकर तारीफ भी की।
कियारा के सपोर्ट में क्या बोले यश?
बेंगलुरु में आयोजित ‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में यश से कियारा को इंटीमेट सीन्स के लिए मिल रही आलोचना और ट्रोलिंग को लेकर सवाल किया गया। इस पर अभिनेता ने कहा कि एक कलाकार को लोगों की बातों की ज्यादा परवाह किए बिना अपने विश्वास के मुताबिक काम करना चाहिए।
यश ने कहा कि एक एक्टर के तौर पर कलाकार को उन मुश्किलों की चिंता नहीं करनी चाहिए, जिनसे उसे गुजरना पड़ता है। जिस चीज में विश्वास हो, उसे उसी के अनुसार करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि दर्शक अंत में उस काम को सेलिब्रेट और उसकी तारीफ करेंगे।
अभिनेता के मुताबिक, कई बार कलाकार अपने समय से थोड़ा आगे चल रहे होते हैं और ऐसी स्थिति में उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ सकता है।
यश ने की कियारा की जमकर तारीफ
यश ने केवल ट्रोलिंग का जवाब ही नहीं दिया, बल्कि कियारा आडवाणी की मेहनत और उनके समर्पण की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान कियारा ने अपने किरदार को लेकर पूरी गंभीरता दिखाई।
यश ने कहा कि ट्रेलर में कियारा के किरदार की अभी सिर्फ एक झलक देखने को मिली है। उन्होंने अभिनेत्री को बेहद समर्पित बताते हुए कहा कि उन्होंने कियारा को फिल्म के लिए काफी मेहनत करते हुए देखा है।
‘टॉक्सिक’ की शूटिंग को लेकर था डर
यश ने बताया कि फिल्म में कई बड़े कलाकारों के एक साथ काम करने के कारण शुरुआत में टीम को कुछ परेशानियों की आशंका थी। उन्हें डर था कि इतने सारे कलाकारों के साथ काम करने में किसी तरह की दिक्कत सामने आ सकती है।
हालांकि, उनके मुताबिक कियारा शुरुआत से ही बेहद सहज और जमीन से जुड़ी रहीं। उन्होंने अपने किरदार के लिए खुद को पूरी तरह समर्पित कर दिया और टीम के साथ बेहतरीन तरीके से काम किया।
26 अगस्त को रिलीज होगी ‘टॉक्सिक’
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है। फिल्म में यश और कियारा आडवाणी के अलावा नयनतारा, हुमा कुरैशी, अक्षय ओबेरॉय, तारा सुतारिया और संजीदा शेख जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म में यश डबल रोल में दिखाई देंगे। ‘टॉक्सिक’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के ट्रेलर और गाने रिलीज होने के बाद से ही इसकी कहानी, किरदारों और यश-कियारा की जोड़ी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है।

More Stories
4000 करोड़ की ‘Ramayana’ की बदली रिलीज डेट’ भारत में इस दिन थिएटर्स में गूंजेगा ‘जय श्री राम’
Priyanka Chopra की नई हॉलीवुड फिल्म ‘Bluefly’ का ऐलान, ऑस्कर विजेता Russell Crowe के साथ आएंगी नजर
Ramayana Trailer : 4000 करोड़ की ‘रामायण’ का इंग्लिश ट्रेलर रिलीज, लिप-सिंक ने बढ़ाई उत्सुकता, रिलीज डेट पर भी लगी मुहर