CG NEWS : रायपुर। राजधानी रायपुर में रायपुर तांत्रिक ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गाजियाबाद निवासी एक डॉक्टर से भाई की संदिग्ध मौत का रहस्य बताने के नाम पर करीब 40 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि आरोपी तांत्रिक फरार बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी डॉ. त्रृषभ चौबे के भाई की इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। भाई की मौत के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश में उन्होंने रायपुर के कथित तांत्रिक बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री से संपर्क किया। आरोप है कि तांत्रिक ने विशेष पूजा और मौत का राज उजागर करने का झांसा देकर डॉक्टर से लाखों रुपये की नकदी, कीमती सामान और एक XUV वाहन भी अपने कब्जे में ले लिया।
पीड़ित का आरोप है कि पैसे और वाहन लेने के बाद आरोपी तांत्रिक लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने संपर्क करना भी बंद कर दिया। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर डॉक्टर ने रायपुर के खम्हारडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आरोपी तांत्रिक के फरार होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले ने एक बार फिर अंधविश्वास के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है।

More Stories
CG Weather Today : छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में झमाझम बरसे बादल; रायपुर में बढ़ा तापमान
CG Police Transfer : छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, 35 अधिकारियों के तबादले, देखें पूरी लिस्ट
Bhilai Factory Accident News : सिस्कोल फैक्ट्री में जॉब हैंडलिंग के दौरान हादसा, मजदूर की मौत से मचा हंगामा