Jharkhand Road Accident : रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी के पास रामगढ़-बोकारो रोड (एनएच-23) पर ट्रक और पैसेंजर पिकअप वाहन की आमने-सामने की टक्कर से हुआ।

जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 12 बजे हुआ, जब एक तेज रफ्तार ट्रक कथित तौर पर रॉन्ग साइड में आ गया और पैसेंजर वाहन से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन कई फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया। हादसे में वाहन में सवार ‘ताशा पार्टी’ के सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक ताशा पार्टी के सदस्य थे
पुलिस के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए अधिकांश लोग रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमार्चा गांव के निवासी थे। सभी किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। घायल को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए रांची के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया।
ट्रक के रॉन्ग साइड आने की आशंका
रामगढ़ के एसडीपीओ आलोक रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ट्रक के रॉन्ग साइड में जाकर पैसेंजर वाहन को टक्कर मारने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
चार दिन में उसी स्थान पर दूसरी बड़ी दुर्घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले चार दिनों के भीतर इसी स्थान पर यह दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। दोनों हादसों में अब तक 10 लोगों की जान जा चुकी है। लोगों का आरोप है कि लारी-बरलौंग क्षेत्र दुर्घटनाओं का ब्लैक स्पॉट बन चुका है, लेकिन सड़क सुरक्षा के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
हादसे के बाद लोगों का प्रदर्शन
दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम करने और हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

More Stories
Ram Mandir offering theft case : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला, सूत्रों के मुताबिक चंपत राय और अनिल मिश्रा ने दिया इस्तीफा, SIT जांच के बीच बढ़ी हलचल
Passport fees increased : 1 जुलाई से पासपोर्ट के लिए चुकाने होंगे ज्यादा पैसे, सरकार ने बढ़ाए शुल्क
Ketan Agarwal Murder Case : बेटी पर पिता का बड़ा बयान, दोषी हुई तो मिले कड़ी से कड़ी सजा