CG News : जशपुर। जशपुर जिले में पुलिस विभाग के भीतर अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dr. Lal Umed Singh ने पांच आरक्षकों पर कड़ा कदम उठाया है। लंबे समय तक बिना सूचना गैरहाजिर रहने, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में तीन आरक्षकों को सेवा से पृथक (बर्खास्त) कर दिया गया है, जबकि दो अन्य को गंभीर विभागीय दंड दिया गया है।
तीन आरक्षक सेवा से बर्खास्त
पुलिस रेगुलेशन 221(अ) के तहत की गई कार्रवाई में आरक्षक संतोष कुमार राम, नेल्सन तिग्गा और अशोक कुमार एक्का को विभागीय जांच के बाद सेवा से पृथक कर दिया गया है।
दो अन्य को मिला विभागीय दंड
वहीं आरक्षक इरीमियस कुजूर को एक वेतन वृद्धि के बराबर धनराशि की कमी संचयी प्रभाव से दंडित किया गया है। जबकि आरक्षक बिंदेश्वर राम को एक वर्ष के लिए न्यूनतम वेतनमान पर लाया गया है। इस दंड का असर उनकी भविष्य की वेतन वृद्धि और पेंशन संबंधी लाभों पर भी पड़ेगा।
जांच में सामने आई चौंकाने वाली जानकारी
विभागीय जांच में पता चला कि बर्खास्त किए गए तीनों आरक्षक अपने सेवाकाल के दौरान कई बार बिना अनुमति लंबे समय तक अनुपस्थित रहे थे और पहले भी कई बार दंडित किए जा चुके थे।
- संतोष कुमार राम ने 13 वर्षों की सेवा के दौरान 33 बार कुल 469 दिन अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे।
- नेल्सन तिग्गा ने 17 वर्षों की सेवा में 28 बार कुल 923 दिन गैरहाजिरी दर्ज कराई।
- अशोक कुमार एक्का ने 20 वर्षों की सेवा के दौरान 30 बार कुल 1151 दिन बिना अनुमति अनुपस्थित रहकर विभागीय नियमों का उल्लंघन किया।
अनुशासन से कोई समझौता नहीं : SSP
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति लापरवाही और स्वेच्छाचारिता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ आगे भी सख्त विभागीय कार्रवाई जारी रहेगी।
जवाबदेही और कार्य संस्कृति पर जोर
पुलिस विभाग का कहना है कि जनता के बीच बेहतर पुलिसिंग और विभाग की सकारात्मक छवि बनाए रखने के लिए जवाबदेही, अनुशासन और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है।
विभाग में गया सख्त संदेश
इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे कर्मचारियों के बीच जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा को लेकर स्पष्ट संदेश जाएगा।

More Stories
छत्तीसगढ़ High Court’ की फटकार’ सड़क हादसों पर सरकार से जवाब तलब, 10 खतरनाक ब्लैक स्पॉट पर मांगी रिपोर्ट
Chhattisgarh Train Alert : 23 से 27 जुलाई तक रेलवे ब्लॉक, कई ट्रेनें रहेंगी रद्द और बदलेगा कई ट्रेनों का रूट
आबकारी घोटाला मामला’ EOW की गिरफ्त में रामगोपाल अग्रवाल, पूछताछ में सहयोग नहीं करने का आरोप