Jabalpur Bargi Dam Hadsa : जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर स्थित बरगी डैम में गुरुवार शाम हुए भीषण क्रूज हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार सुबह जब आगरा से आई सेना की स्पेशल डाइविंग टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, तो पानी की 20 फीट गहराई में डूबे क्रूज के मलबे के बीच एक ऐसा हृदयविदारक मंजर दिखा कि अनुभवी गोताखोरों के हाथ भी कांप गए और उनकी आंखें नम हो गईं।
कफन में लिपटी ममता: आखिरी सांस तक बचाने की जद्दोजहद
रेस्क्यू टीम को दिल्ली की रहने वाली मरिना मैसी और उनके 4 साल के मासूम बेटे त्रिशान का शव मिला। चश्मदीदों के मुताबिक, मां ने अपने बच्चे को अपनी ‘लाइफ जैकेट’ के अंदर छिपाकर अपने सीने से इतनी मजबूती से चिपका रखा था कि 12 घंटे तक लहरों के थपेड़े और मौत का साया भी उस पकड़ को ढीला नहीं कर पाया।
-
12 घंटे का संघर्ष: हादसे के बाद पूरी रात दोनों के शव इसी अवस्था में पानी के अंदर फंसे रहे।
-
गोताखोरों का बयान: शवों को बाहर निकालने वाली टीम के एक सदस्य ने बताया, “हमें महिला के शव को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी क्योंकि उसने अपने बच्चे को ममता के कठोर आलिंगन में जकड़ रखा था। ऐसा लग रहा था मानो वह मरकर भी उसे सुरक्षित किनारे पर ले जाना चाहती थी।”
हंसता-खेलता परिवार हुआ तबाह
यह परिवार दिल्ली से छुट्टियां मनाने जबलपुर आया था। हादसे के वक्त क्रूज पर मरिना, उनके पति प्रदीप, बेटा त्रिशान और बेटी सिया सवार थे। इस भीषण त्रासदी में प्रदीप और सिया तो सुरक्षित बच गए, लेकिन मरिना और त्रिशान हमेशा के लिए बिछड़ गए।
लापरवाही ने ली मासूमों की जान
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं:
-
चेतावनी की अनदेखी: मौसम विभाग ने 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था, फिर भी क्रूज को पानी में उतारा गया।
-
लाइफ जैकेट का अभाव: जीवित बचे पर्यटकों का आरोप है कि शुरुआत में किसी को लाइफ जैकेट नहीं दी गई थी। जब क्रूज डूबने लगा, तब आनन-फानन में लॉकर तोड़कर जैकेट निकाली गईं।
-
बढ़ता मौत का आंकड़ा: अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कुछ बच्चे अब भी लापता हैं।
प्रशासनिक कार्रवाई और मुआवजा
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। पर्यटन विभाग के इस क्रूज के संचालन को लेकर उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।

More Stories
Commonwealth Games 2026 बॉक्सिंग में भारत का दबदबा : बॉक्सिंग ने दिलाए सबसे ज्यादा मेडल, एथलेटिक्स में गोल्ड का इंतजार जारी
Brij Bhushan Sharan Singh महिला पहलवान यौन शोषण केस में बरी: दिल्ली कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, बृजभूषण शरण सिंह यौन शोषण मामले में बरी
Medicine Price Cut : शुगर, BP और हार्ट मरीजों के लिए बड़ी राहत’ 23 जरूरी दवाएं हुईं सस्ती, देखें नई रेट लिस्ट