मथुरा : धर्मनगरी मथुरा में शनिवार तड़के एक सनसनीखेज वारदात ने भारी तनाव पैदा कर दिया है। प्रसिद्ध गौरक्षक चंद्रशेखर बाबा, जिन्हें इलाके में लोग ‘फरसा वाले बाबा’ के नाम से जानते थे, की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। आरोप है कि गौवंश से लदे एक ट्रक को रोकने की कोशिश के दौरान तस्करों ने बाबा पर जानबूझकर ट्रक चढ़ा दिया। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और साधु-संतों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया, गाड़ियां तोड़ीं और पुलिस पर पथराव किया।
साजिश या हादसा? प्रत्यक्षदर्शी की जुबानी
बाबा के साथ मौजूद एक साथी ने बताया कि शनिवार तड़के उन्हें सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अवैध रूप से गौवंश भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही चंद्रशेखर बाबा अपने दो साथियों के साथ बाइक से ट्रक का पीछा करने लगे। बाबा ने अदम्य साहस दिखाते हुए ट्रक को ओवरटेक किया और अपनी बाइक ट्रक के ठीक सामने खड़ी कर दी ताकि तस्कर रुक जाएं।
तभी अचानक ट्रक ड्राइवर ने रुकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और सामने खड़े बाबा को बेरहमी से कुचलते हुए फरार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में बाबा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी बाल-बाल बचे।
हाइवे बना जंग का मैदान, पुलिसकर्मी घायल
जैसे ही बाबा की मौत की खबर फैली, भारी संख्या में लोग हाईवे पर उतर आए। आक्रोशित भीड़ ने हाईवे जाम कर दिया और वहां से गुजरने वाले वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि हत्यारे गौतस्करों को तुरंत गिरफ्तार कर उनका एनकाउंटर किया जाए।
भारी पुलिस बल तैनात
तनाव को देखते हुए मथुरा के आला अधिकारी भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) के साथ मौके पर डटे हुए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और आरोपियों की पहचान की जा सके। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

More Stories
Bengal SIR Appeals : मतदाता सूची विवाद में 38 लाख से ज्यादा अपीलें, अब तक 1 लाख मामलों का निपटारा
Mamata Banerjee Supreme Court : TMC के नाम और ‘फूल-घास’ सिंबल पर EC के फैसले को चुनौती
Tamil Nadu Gold Ring Scheme : तमिलनाडु में जन्म लेने वाले बच्चों को मिलेगा 1 ग्राम सोना, जानें पूरी योजना