बांकी मोंगरा (कोरबा): छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। गवन (विदाई) की रस्म के बाद नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
डबरीपारा मोड़ के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, बारात ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द गई थी। शुक्रवार रात गवन कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दुल्हन को लेकर सभी वापस लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार (वाहन क्रमांक CG 11 BJ 9084) बांकी मोंगरा के दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास पहुंची, चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पलट गया।
चीख-पुकार के बीच रेस्क्यू
हादसे के वक्त कार में करीब 11 लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक एक मासूम बच्ची दम तोड़ चुकी थी।
अस्पताल में घायलों का इलाज जारी
हादसे में घायल हुए सात से अधिक लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

More Stories
Chhattisgarh Political War 2026 : भूपेश बघेल के बयानों पर पलटवार , डिप्टी सीएम अरुण साव ने कांग्रेस को दिखाया आईना
Chhattisgarh News : जंगलों में जंगली सुअर ने महिलाओं के दल पर किया जानलेवा हमला
Chhattisgarh News : न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन , महिला सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध मौत पर फूटा गुस्सा