CG NEWS : कोरबा में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण बन तालाब स्थित काली मंदिर के पास निर्माणाधीन मकान की पक्की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में दबकर दो वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दीवार गिरते ही मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ जब दीवार के पास से लोग गुजर रहे थे और कुछ बच्चे वहीं खेल रहे थे। अचानक बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर पड़ी और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
मलबे में दबने से स्थानीय निवासी दो वर्षीय धनेश कर्ष की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) सहित तीन लोग घायल हो गए। मोहल्लेवासियों ने तुरंत मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। घटना में दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में एक ऑटो और एक बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गए।
आक्रोशित लोगों ने किया थाने का घेराव
घटना से गुस्साए बस्तीवासियों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव किया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद संबंधित वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दीवार गिरने के कारणों और निर्माण कार्य में लापरवाही की जांच की जा रही है।

More Stories
CM के स्वागत में अव्यवस्था पर भड़के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कलेक्टर और एसपी को लगाई फटकार
Raipur Police Update: Law and Order Insights 01 June 2026 रायपुर पुलिस का महाअभियान: नए BNS और आबकारी एक्ट के तहत थानों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई अपराधी गिरफ्तार
CG NEWS : प्रार्थना सभा के दौरान हमला, 8 लोग घायल’ सुकमा के आदिवासी गांव में तनाव