आईपीएल 2025 में महज 14 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी जबरदस्त खेल प्रतिभा से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक लगाकर आईपीएल इतिहास में सबसे तेज भारतीय शतक का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनकी इस शानदार पारी ने दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर स्टीव वॉ को भी चौंका दिया। वॉ ने वैभव की खूब तारीफ की, लेकिन साथ ही आगाह भी किया कि कम उम्र में दबाव कम हो सकता है, लेकिन आने वाले समय में चुनौतियां बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि वैभव को अपने खेल पर नियंत्रण बनाए रखना सीखना होगा और अपनी लय के साथ संतुलन बनाना होगा।
स्टीव वॉ ने जियो स्टार के ‘ऑस्ट्रेलियन समर ऑफ क्रिकेट 2025-26’ मीडिया कांफ्रेंस में बताया कि IPL में करोड़ों के करार के साथ वैभव 16 वर्ष की उम्र से पहले करोड़पति बन जाएंगे और उन पर अपेक्षाओं का भारी दबाव होगा। उन्होंने यह भी कहा कि भारत में हर उभरते खिलाड़ी की तुलना सचिन तेंदुलकर से होती है, लेकिन सचिन जैसा खिलाड़ी मिलना मुश्किल है।
वैभव ने इस IPL सीजन में 7 मैचों में 36 की औसत और 200 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए हैं। वे राजस्थान रॉयल्स के शीर्ष पांच बल्लेबाजों में शामिल हैं।

